बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते सीडीओ संजीव कुमार मौर्य।
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि सूचना तंत्र के तहत जनपद स्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को खरीफ फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ ही सरकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया।
गोष्ठी का शुभारंभ सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों से पंजीकरण कराने का सुझाव दिया। उप निदेशक कृषि नरेंद्र कुमार किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम कुसुम योजना की जानकारी दी। कहा कि किसान अपनी आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ ही पशुपालन व पोल्ट्री फार्म बनाकर अंडा उत्पादन कर सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी आरपी राना ने धान की प्रजातियों, बेहतर उत्पादन के लिए बीज एवं भूमि शोधन के बारे में विस्तार से बताया।
कृषि विज्ञान केंद्र पचपेड़वा के वैज्ञानिक डॉ. एसके वर्मा व उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने फसल उत्पादन में वृद्धि के लिए रसायन व जैविक खाद के प्रयोग की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी संतोष कुमार दूबे ने केला व गेंदा फूल की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। गोष्ठी में एलडीएम अमित कुमार राजू, सीवीओ डॉ. श्याम नगीना राम, डिप्टी सीवीओ डॉ. समदर्शी सरोज सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।