बलरामपुर। 76वें स्वतंत्रता दिवस पर सोमवार को शान से तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ आजादी का जश्न मनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सरकारी व निजी संस्थानों के साथ-साथ महाविद्यालयों व विद्यालयों को भी तिरंगी झालरों से सजा दिया गया है। पूरा जिला तिरंगे झंडे से सजा हुआ है। सभी लोग आजादी का अमृत महोत्सव शान से मना रहे हैं।
डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि सरकारी भवनों व स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों को तिरंगे रंग की झालरों से सजाया गया है। सोमवार सुबह 06:30 बजे विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रभातफेरी निकालेंगे। प्रात: 07:30 बजे स्टेडियम से बहराइच मार्ग पर बालिक-बालिकाओं की दौड़ प्रतियोगिता कराई जाएगी।
सुबह सात बजे सभी सरकारी कार्यालयों, नगर निकायों, तहसीलों, ब्लॉकों, चौराहों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व महापुुरुषों की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट में डीएम ध्वजारोहण करेंगे। झंडा अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान होगा। शिक्षण संस्थाओं में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण होगा। नाटक, विचार गोष्ठी, प्रदर्शनी, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, मेरा जनपद मेरी धरोहर विषय पर फोटोग्राफी सहित अन्य प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
जिले की सभी 800 ग्राम पंचायतों में 75-75 फलदार पौधेे रोपित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थाओं की छात्र-छात्राओं की ओर से वीर विनय चौराहे पर स्वच्छता अभियान के प्रतीक स्वरूप नगर के प्रमुख मार्गों पर रैली निकाली जाएगी। विकास कार्यक्रमों की झांकी में उद्यान, बेसिक शिक्षा, पंचायतीराज, बाल एवं पुष्टाहार, कृषि, जल निगम, गन्ना विकास व नगर पालिका को शामिल किया जाएगा। विकास भवन से कलेक्ट्रेट, बहराइच रोड व वीर विनय चौराहे पर पहुंचकर झांकी समाप्त होगी। एमएलके पीजी कॉलेज सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल बांटे जाएंगे। एमएलके पीजी कॉलेज में कवि सम्मेलन कराया जाएगा।