फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करंट लगने से दो भाइयों समेत तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरनगर में बल्लियों के सहारे खींची गई बिजली की लाइन ने दो भाइयों की जान ले ली। बारिश के चलते भीगी बल्ली में उतरे करंट की चपेट में आने से दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गैसड़ी में रजडेरवा चौराहे के पास पोल के पास रखी सरिया में उतरे करंट से मासूम बालक की मौत हो गई। उच्चाधिकारियों ने दोनों मामलों की जांच के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरनगर निवासी सपा नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य जोखू राम यादव के बेटे वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव (42) ग्राम राम स्वरूप पुरवा के निकट निजी शिक्षण संस्थान चलाते थे। वीरेंद्र ने बांस-बल्लियों के सहारे अपने शिक्षण संस्थान में बिजली की लाइन खिंचवाई थी।
बीते दिनों हुई जोरदार बारिश के चलते एक बल्ली केबिल समेत गिर गई थी। केबिल कटा होने के कारण भीगी बल्ली में करंट उतर रहा था। शनिवार सुबह 08:30 बजे वीरेंद्र के छोटे भाई अनूप यादव (30) केबिल सहित गिरी बल्ली ठीक करने लगे तो करंट की चपेट में आ गए।
विज्ञापन

कुछ दूरी पर खड़े वीरेंद्र को लगा कि अनूप बल्ली के पास फिसलकर गिर गए हैं। वह दौड़कर अनूप को उठाने लगे तो खुद भी करंट की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने दोनों भाइयों को करंट से अलग करके तुरंत जिला पुरुष मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच कर दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
क्षेत्रीय भाजपा विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, सपा नेता राकेश यादव तथा पूर्व ब्लॉक प्रमुख शफीक अहमद ने अस्पताल में पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
दोनों भाइयों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। तुलसीपुर तहसीलदार प्रमेश कुमार ने बताया कि करंट की चपेट में आने से मृत दोनों भाइयों के परिजनों को शासन से आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
दूसरी घटना शुक्रवार रात गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र में रजडेरवा चौराहे के पास एनएच-730 के किनारे हुई। यहां चौराहे पर पचपेड़वा निवासी संजय गुप्ता पानी के बताशे की दुकान लगाते हैं। संजय यहीं पर सपरिवार रहते हैं। रात करीब नौ बजे संजय घर के सामने एक दुकान पर जा रहे थे।
संजय के साथ उनका सात वर्षीय बेटा अर्पित भी था। बगल में सरिया-सीमेंट की दुकान थी। जहां विद्युत पोल के किनारे रखी सरिया में करंट उतर आया था। अर्पित सरिया में उतरे करंट की चपेट में आ गया।
गंभीर रूप से झुलसे अर्पित को आसपास के लोगों की मदद से सीएचसी गैसड़ी पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। गैसड़ी इंस्पेक्टर ओपी सिंह चौहान ने बताया कि बालक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
करंट की चपेट में आने से दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत पर पावर कॉरपोरेशन के एसडीओ रणधीर चौधरी ने कहा कि मामले की जांच विद्युत न्यायालय द्वारा कराई जाएगी। जांच के बाद तीनों मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें