बलरामपुर। प्रेम व भाईचारगी का प्रतीक ईद का त्योहार शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मस्जिदों व ईदगाहों में ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान नमाजियों ने मुल्क में अमन-चैन व तरक्की के लिए दुआ मांगी। कब्रिस्तानों में फातिहा पढ़कर पूर्वजों को याद किया गया। बच्चे हों या बूढ़े, सभी लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर त्योहार की बधाई दी। दोपहर से लेकर देर रात तक रिश्तेदारों तथा दोस्तों को सेवईं खिलाने का दौर चलता रहा।
नगर के बड़ा पुल स्थित बीबी बांदी साहिबा मस्जिद, गोविंद बाग स्थित इब्राहिम मिस्त्री मस्जिद, सराय फाटक स्थित रहीमबक्स ईदगाह, नौशहरा स्थित बड़ी ईदगाह तथा सराय स्थित बीबी बांदी साहिबा ईदगाह में अलग-अलग समय पर हजारों लोगों ने अकीदत के साथ ईद की नमाज अदा की। नमाजियों ने दोनों हाथ उठाकर अल्लाह से मुल्क में अमन-चैन एवं लोगों की सलामती के लिए दुआ मांगी। महिलाओं ने भी घरों में नमाज पढ़कर परिवार की खुशहाली की दुआ मांगी।
इसी तरह उतरौला के गांधीनगर स्थित ईदगाह सहित गैड़ास बुजुर्ग, पेहरबाजार, सादुल्लाहनगर, रेहराबाजार, श्रीदत्तगंज, तुलसीपुर, पचपेड़वा, गैसड़ी, गौराचौराहा, हरैया सतघरवा, ललिया, मथुराबाजार एवं महराजगंज तराई आदि क्षेत्रों में लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी। नमाज पढ़ने के बाद लोगों ने कब्रिस्तान में जाकर अपने पूर्वजों की कब्र पर फातिहा पढ़ी और उन्हें याद किया। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर ईद की बधाई दी।
अधिकारी लेते रहे सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
ईद की नमाज के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी केशव कुमार व एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा का जायजा लेते रहे। एसपी के निर्देश पर सभी प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने में जुटे रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कराई गई।