बलरामपुर। पीईटी परीक्षा देने के लिए जिले से करीब दस हजार अभ्यर्थी गैर जनपद जाएंगे। इन परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी भी तरह की परेशानी न होने पाए, इसके लिए परिवहन निगम अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। यह रोडवेज बसें लखनऊ, अयोध्या व सीतापुर रूट संचालित होगी। इन बसों का ठहराव रूट पर पड़ने वाले सभी छोटे-बड़े बाजार व अन्य स्थानों पर होगा ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी तरह की कोई दिक्कत न हो सके।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक वीके वर्मा ने बताया कि 28 व 29 अक्तूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन होगा। जिले में परीक्षा के लिए कोई केंद्र निर्धारित न होने के कारण करीब दस हजार परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए राजधानी लखनऊ सहित अयोध्या व सीतापुर में बने केंद्रों पर जाना होगा। इसके चलते ही सभी रूट पर परीक्षार्थियों के लिए शनिवार 28 अक्तूबर को सुबह चार बजे से पांच-पांच अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। साथ ही इन रूटों पर कहीं भी छात्र दिखने पर उन्हें बस में बैठाने का निर्देश भी दिया गया है। ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित न होना पड़े।