गैसड़ी कोतवाली में शनिवार को फरियाद सुनते डीएम डॉ. महेंद्र कुमार व एसपी केशव कुमार।-संवाद
बलरामपुर। साहब! पति का इलाज कराने के बहाने दबंगों ने संपत्ति अपने नाम करा ली। पति की मौत के बाद मुझे व मेरी आठ वर्ष की बेटी को भी बाहर निकाल दिया। दबंग मुझे तथा बेटी को मारने की धमकी दे रहे हैं। ये पीड़ा बनकटवा कला की अफसर जहां की है। शनिवार को तुलसीपुर थाने में आयोजित समाधान दिवस में उन्होंने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाते हुए अपना दर्द बयां किया। सीओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने लेखपाल को मामले की जांच का निर्देश दिया है।
जिले के 14 थाने व पांच कोतवाली में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नगर कोतवाली के बलुहा निवासी एनउल्ला, इरशाद, ननकऊ व शब्बू ने बताया कि मोहल्ले की सार्वजनिक जमीन पर दबंग कब्जा करना चाहते हैं। आठ माह से हम लोग किसी तरह जमीन पर कब्जा नहीं होने दे रहे हैं। इन लोगों ने कहा कि तीन बार पहले भी समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं मगर केवल आश्वासन ही मिला। इस बार भी कहा गया है कि मामले का शीघ्र निस्तारण करा दिया जाएगा। नगर कोतवाली में समाधान दिवस की अध्यक्षता सदर एसडीएम राजेंद्र बहादुर व सीओ सिटी दरवेश कुमार ने की।
तुलसीपुर थाने में फरियाद लेकर आए पुरानी बाजार निवासी स्वामीनाथ ने बताया कि उनका खेत कांशीराम काॅलोनी के बगल में है। गत 19 फरवरी को वह खेत की जुताई कर रहे थे। इसी बीच दबंगों ने खेत में आकर पीट दिया। थाने में तहरीर देने पर भी सुनवाई नहींं हुई। अधिकारियों ने लेखपाल को मामले की जांच का निर्देश दिया है।
डीएम डॉ. महेंद्र कुमार व एसपी केशव कुमार ने कोतवाली गैसड़ी में थाना समाधान दिवस में जन सुनवाई की। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा कुछ शिकायतों में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को टीम बनाकर मौके पर जाकर निस्तारण करने को कहा गया।