बलरामपुर। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को जिले में पहुंच कर लोकसभा चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद दुग्ध मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोकसभा चुनाव में श्रावस्ती सीट जीतने के लिए टिप्स भी दिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय पूरा देश राममय है, ऐसे में आसन्न लोकसभा चुनाव में देश की कम से कम चार सौ सीटों पर कमल खिलेगा। कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न होते तो आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की परिकल्पना का पूरा होना असंभव था।
कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को ही बढ़ावा मिला है। पिछले 60 सालों में कांग्रेस ने देश को खोखला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि श्रावस्ती संसदीय सीट को जीताकर कमल की माला में एक और पुष्प जोड़ने के लिए सभी लोग अभी से जुट जाए।
प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान ने कहा कि बूथ जीतना कार्यकर्ताओं की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। लक्ष्य पर सभी कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से काम करें। श्रावस्ती लोकसभा सीट को जीतने के लिए कार्यकर्ता सभी बूथ जीतने का संकल्प लें। बैठक को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी,लोकसभा प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव, संयोजक शंकरदयाल पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी व नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।