पचपेड़वा (बलरामपुर)। नगर पंचायत पचपेड़वा में एलईडी खरीद में हुई अनियमितता के मामले में करीब 11 वर्ष बाद अब कार्रवाई की गई है। तुलसीपुर के तत्कालीन एसडीएम/अधिशासी अधिकारी, चेयरमैन व लिपिक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पचपेड़वा नगर पंचायत के पूर्व सभासद धर्मेंद्र प्रसाद गुप्ता ने वर्ष 2012 में अधिकारियों को शिकायत भेजी थी। इसमें स्वागत गेट व एलईडी खरीद में अनियमितता की शिकायत की थी। उस वक्त अधिकारियों ने जांच करके कार्रवाई की बात कही, लेकिन बाद में मामला दबा दिया गया।
इसके बाद उन्होंने वर्ष 2015 में लोकायुक्त को शिकायत भेजी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि एलईडी लगाने में मनमानी की गई। एमआरपी से अधिक मूल्य पर एलईडी की खरीद की गई। लोकायुक्त की जांच के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है।
अधिशासी अधिकारी राजमणि वर्मा ने तुलसीपुर के तत्कालीन एसडीएम/अधिशासी अधिकारी आरके सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष मंजूर आलम खां, लिपिक मोहम्मद सगीर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है।
मामले की जांच कर रहे सीओ तुलसीपुर राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एमआरपी से अधिक मूल्य पर एलईडी की खरीद का मामला है। करीब 11 हजार रुपये की गड़बड़ी की गई है। मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय निकाय के प्रभारी अधिकारी एडीएम प्रदीप कुमार ने बताया कि पुराना मामला है। केस दर्ज हो गया है। अन्य जानकारी एकत्र की जा रही है।