फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: या हुसैन...की सदाओं के बीच निकला यौमे आशूरा का जुलूस

Sat, 29 Jul 2023 10:23 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शिया समुदाय के लोगों ने नंगे पांव दर्द भरे नौहे के साथ कमा व जंजीर का किया मातम
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
उतरौला/बलरामपुर। या हुसैन या हुसैन.. की सदाओं के साथ गमजदा माहौल में उतरौला के सुभाषनगर मोहल्ला स्थित मरहूम मुस्सन के इमामबाड़े से यौमे आशूरा का जुलूस निकाला गया। जुलूस में काला लिबास पहने शिया समुदाय के लोगों ने नंगे पांव दर्द भरे नौहे के साथ कमा व जंजीर का मातम किया। इसी जुलूस में अहले सुन्नत उतरौला का जुलूस भी अलम व ताजिये के साथ शामिल रहा। वहीं बलरामपुर में गर्ल्स कॉलेज स्थित शिया इमामबाड़े से मातमी जुलूस निकला।
मरहूम मुस्सन के इमामबाड़े से निकले जुलूस में शिया समुदाय के लोग भारी संख्या में शामिल हुए। काला लिबास पहने नंगे पांव चल रहे शिया समुदाय के लोग या हुसैन या हुसैन का नारा बुलंद करते हुए दर्द भरे नौहे के साथ कमा व जंजीर का मातम कर रहे थे। अजादारों को जगह-जगह पानी, शरबत, शबील, चाय व फल वितरित किया गया। जुलूस अपने मुख्य मार्ग से होता हुआ कर्बला पहुंचकर शाम सात बजे समाप्त हुआ। बलरामपुर के शिया इमामबाड़ से निकला जुलूस वीर विनय चौराहा व चंद्रशेखर आजाद तिराहा होते हुए नार्मल स्कूल के निकट स्थित कर्बला पहुंचकर समाप्त हुआ।
विज्ञापन

उतरौला के ग्राम अमया देवरिया में यौमे आशूरा का जुलूस दरगाह हजरत अब्बास अलमदार से निकला। जुलूस में अलम, ताबूद, जुल्जना व ताजिया के साथ भारी संख्या में लोगों ने नौहा ख्वानी व सीनाजनी की। मातमदारों को जगह-जगह पानी, शरबत, शबील व चाय वितरित किया गया। जुलूस मिशन रोड से होता हुआ डाक बंगला पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
यहां पर करीब एक घंटे तक नौहा ख्वानी, कमा व जंजीरी मातम होता रहा। डाक बंगला होते हुए जुलूस कर्बला पहुंचकर समाप्त हुआ। मौलाना जायर अब्बास ने बताया कि मुहर्रम की दसवीं तारीख को इमाम हुसैन व उनके कुनबे जिसमें चार साल के बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक को शहीद कर दिया गया था। उन्हीं की याद में हम अपने गम का इजहार करते हैं।
इसके अलावा तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा, पेहर बाजार, रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर व गैड़ास बुजुर्ग आदि स्थानों पर भी यौमे आशूरा का जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। जुलूस में लोगों ने मातम करते हुए हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया।


पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
उतरौला में निकले यौमे आशूरा के जुलूस में गंगा-जमुनी तहजीब देखने को मिली। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ शाखा उतरौला द्वारा ज्वाला महारानी मंदिर एवं नौ युवा कमेटी गोंडा मोड़ पर जुलूस में शामिल अकीदतमंदों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई गई। इस अवसर पर आरएसएस के अमित कुमार, रामनरेश, आलोक, अभिषेक व सरोज सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन



जुलूस को लेकर सतर्क रहा प्रशासन
दसवीं मुहर्रम को जिले भर में अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले यौमे आशूरा के जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। उतरौला में जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम अवधेश कुमार, सीओ उदयराज सिंह व प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे के साथ भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। इसी तरह अन्य स्थानों पर भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस व पीएसी के जवान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुटे रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें