बलरामपुर के विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण को संबोधित करते जिला मत्स्य अधिकारी विनोद वर्मा व अन
बलरामपुर। विकास भवन सभागार में रविवार को मत्स्य विभाग की तरफ से एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में मछुआ समाज के लोगों को मत्स्य विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसमें योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का तरीका भी बताया गया। प्रशिक्षण में मछुआ समाज के 100 लोग शामिल हुए। प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पाठक ने किया। उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग में मछुआ समाज के लिए कई योजनाएं संचालित हैं। इन योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपनी आय बढ़ा सकते हैं। मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना, निजी भूमि पर तालाब निर्माण योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना व मत्स्य पालक कल्याण कोष आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि मत्स्य संपदा योजना के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेवती रमण चौधरी ने बताया कि मत्स्य विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए मछुआ समाज के लोग एक जून से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।