बलरामपुर। चार लाख रुपये की फर्जी एफडी बनाकर महिला को चूना लगाने के आरोप में स्थानीय थाने की पुलिस ने मथुरा बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चार लाख रुपये की फर्जी एफडी ऑनलाइन बनाकर महिला को दे दी थी। यही नहीं उसने अपनी मां के नाम से भी फर्जी बैंक खाता खोलकर जालसाजी की है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
ललिया इंस्पेक्टर संतोष तिवारी ने बताया कि मथुरा बाजार निवासी सलमा ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया है कि बाजार में ही पंकज पाठक का ग्राहक सेवा केंद्र था। करीब दो वर्ष पूर्व पंकज ने सलमा को विश्वास में लेकर उसके खाते से ऑनलाइन चार लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
इसके बाद चार लाख रुपये की फर्जी एफडी बनाकर सलमा को दे दी। बताया कि इस एफडी में रकम एक साल में डेढ़ गुना हो जाएगी। सलमा उसके झांसे में आ गई। सलमा के मुताबिक उसका पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। पति के घर आने पर उसने एफडी की जानकारी दी।
पति ने जब एफडी के बारे में पता किया तो वह फर्जी निकली। यही नहीं पंकज ने सलमा के बैंक खाते से उसका मोबाइल नंबर बदलकर अपना नंबर डाल दिया। ताकि खाते से रकम निकासी पर उसे पता न चल सके।
यही नहीं पंकज ने अपनी मां के नाम से फर्जी बैंक खाता खोलकर उसमें अंगूठा निशान अपना लिंक करके भी फर्जीवाड़ा किया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सलमा की तहरीर पर पंकज पाठक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।