बलरामपुर। ठंड का प्रभाव बढ़ते के साथ ही अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी जुकाम व बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। इसके चलते ही जिला मेमोरियल चिकित्सालय की ओपीडी में बृहस्पतिवार को 600 से अधिक मरीज इलाज कराने पहुंचे, इनमें से 382 मरीज सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित थे।
बीते कुछ दिनों से सुबह-शाम चल रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। मौसम में हुए बदलाव के कारण लोग ठंड जनित बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। बृहस्पतिवार को जिला मेमोरियल चिकित्सालय में सुबह से लेकर दोपहर बाद तक मरीजों की भीड़ जुटी रही।
इस दौरान बेटी का इलाज कराने आई नगर की मोहल्ला बलुहा निवासिनी आमना ने बताया कि उनकी बेटी शीबू पिछले तीन-चार दिनों से सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित है। भीड़ अधिक होने के कारण दो घंटे बाद भी डॉक्टर को दिखाने का नंबर नहीं आ पाया है। वहीं ग्राम बेलवा निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि छोटे भाई कृष्ण गोपाल को कई दिनों से बुखार हो रहा है। इसी तरह अब्दुल मजीद, हनुमान, शिवकुमार, अंजनी व प्रहलाद सहित तमाम बुखार पीड़ित ओपीडी कक्ष के बाहर अस्पताल की गैलरी में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते मिले।
पर्चा काउंटर पर बताया गया कि दोपहर एक बजे तक 580 मरीजों का पर्चा बनाया जा चुका है। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के फिजीशियन डॉ. अजय पांडेय ने बताया कि ठंड बढ़ने के कारण ही ओपीडी में सर्दी, जुकाम व बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या बीते कुछ दिनों में अचानक बढ़ी है। इससे बचने के लिए सभी को ठंड से बचाव पर विशेषतौर से ध्यान देना चाहिए।