देवीपाटन मंदिर में पूजा अर्चना के लिए जुटी श्रद्धालुओं की भीड़ ।-संवाद
तुलसीपुर। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां पाटेश्वरी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने मां पाटेश्वरी एवं भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कई परिवारों ने अपने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए, वहीं नवविवाहित भी मां के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। मंदिर में सुबह से ही मां के दर्शन के लिए कतार लगी रही। शुभ लग्न के चलते नवविवाहित जोड़े भी मां का आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंचे। गैसड़ी क्षेत्र से आईं नवविवाहिता सपना ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही उनका विवाह हुआ है। मायके आने के बाद वह देवीपाटन पहुंचीं और मां पाटेश्वरी के दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में आकर मन को अपार शांति मिलती है। मंदिर प्रशासन ने बताया कि सोमवार को पूरे दिन दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। श्रद्धालुओं की भीड़ से मंदिर परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।