बलरामपुर। शहर के रानी धर्मशाला में बाल विकास विभाग ने मंगलवार को पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें गर्भवती की गोदभराई कराने के साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सुपोषण का मंत्र भी दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीपीओ निहारिका विश्वकर्मा ने कहा कि कुपोषण से मुक्ति तभी मिल सकती है, जब महिलाएं अपने सेहत को लेकर जागरूक हों। पोषण को बेहतर बनाने के लिए हरी साग-सब्जी का नियमित प्रयोग करें। कहा कि मोटे अनाज को लेकर सरकार प्रयास कर रही है। मोटा अनाज कुपोषण से दूर रहने में काफी मददगार है। इसको लेकर लोगों को सजग होने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने पोषण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी भी दी।
बाल विकास परियोजनाधिकारी शिवानी दूबे ने कहा कि खानपान को सही रखें। हरी साग सब्जियों का सेवन अधिक से अधिक करें। साथ ही साफ-सफाई पर ध्यान दें। बच्चों की सेहत पर भी नजर रखें।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल भी लगाए थे। इसके माध्यम से गर्भवती को खानपान के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बीडीओ सागर सिंह, बीइओ राम चंद्र मौर्य, सीडीपीओ सत्येद्र सिंह, राजेंद्र कुमार, एआरपी अरुण मिश्रा, इंदू सिंह, संजय सिंह, सुमनलता, प्रमिला दयाल व शीला वर्मा सहित सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं आदि मौजूद रहे।