हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग के बनकटवा रेंज के जंगलवर्ती गांवों में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की रात चौधरीडीह गौशाला में घुसकर तेंदुआ ने एक बछिया को मार कर अपना निवाला बना लिया। मवेशी का अवशेष पास के झाड़ी में पाया गया है। इससे गांव में दहशत व्याप्त है। इसकी जानकारी के बाद भी वन विभाग तेंदुए की धरपकड़ को लेकर उदासीन बना है।
प्रधान प्रतिनिधि बाबूराम ने बताया कि इसकी सूचना रेंज पर दी गई है। ग्रामवासी सतगुरु प्रसाद, जवाहर लाल तथा कल्लू आदि ने बताया की गौशाला के पास में गौरिया नाला है, जिसमें तेंदुआ आए दिन घूमता रहता है। इससे बेखौफ तेंदुआ आए दिन गांव में घुसकर मवेशियों का शिकार करता रहता है। रेंजर शत्रोहन लाल ने बताया कि ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर मामले की छानबीन करने के साथ ही गांव में तेंदुए की खोज के लिए निगरानी कराई जा रही है।