बलरामपुर के मेजर चौराहे पर सजे पांडाल में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु।-
गोंडा। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां स्कंदमाता के स्वरूप की पूजा अर्चना कर आशीष मांगा। इसके चलते मंदिरों में भोर सुबह से लेकर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। भक्तों ने मां को प्रसन्न करने के लिए मेवा मिष्ठान के साथ नारियल व चुनरी चढ़ाकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शारदीय नवरात्र में घरों से लेकर पंडाल व मंदिरों में देवी पूजा का दौर चल रहा है। खैरा भवानी मंदिर के महंत कैलाश नारायण गिरी ने बताया कि भक्तों को परेशानी से बचाने के लिए देवी मां के दर्शन के लिए महिला व पुरुषों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था की गई। इस दौरान सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम के साथ पुलिस फोर्स की तैनाती भी रही। शहर के काली भवानी मंदिर में महिलाओं ने मां का भजन और कीर्तन किया और जय माता दी के जयकारे लगाने के बाद प्रसाद वितरण किया गया। वहीं करनैलगंज नगर क्षेत्र में हर तरफ नवरात्रि का दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम है। इस दौरान देवी मंदिर में मां वैष्णो देवी की गुफा भी सजाई गई है। जो सभी के आकर्षण का केंद्र बनी है। वही करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में साढ़े चार सौ से अधिक मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना की गई है। लगभग हर तरफ मां के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है।