बलरामपुर में बीएसए को ज्ञापन सौंपते विशिष्ट बीटीसी एसासिएशन के पदाधिकारी।
बलरामपुर। चयन वेतनमान को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बीएसए को ज्ञापन सौंपा। मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार शुक्ल के नेतृत्व में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बीएसए कल्पना देवी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षक या प्रधानाध्यापक पद पर 10 वर्ष से अधिक समय तक कार्य कर चुके शिक्षकों को अगस्त माह के वेतन के साथ चयन वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग की गई है। इसके अलावा अवकाश के दिनों में शिक्षकों पर विद्यालय खोलने के लिए दबाव न बनाए जाने तथा रसोइयों के मानदेय व कन्वर्जन काॅस्ट का भुगतान शीघ्र किए जाने की मांग भी की गई है। इस दौरान महामंत्री तुलाराम गिरी, रामसागर, विनोद चौहान, पूनम यादव, सुभाष चंद्र मिश्रा, चंद्रेश मिश्रा, प्रदीप चौहान, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, अमर यादव, शंकर शुक्ला, नीरज द्विवेदी व राघवेंद्र मिश्रा सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।