बलरामपुर। पुरानी पेंशन बहाली सहित चार सूत्री मांगों को लेकर शिक्षक लामबंद हो गए हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षक नेताओं ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा।
जिला अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह व मंत्री मंगलदेव मिश्र के नेतृत्व में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों व शिक्षकों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। शिक्षक नेताओं ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षक संगठनों द्वारा विगत कई वर्षों से लगातार संघर्ष किया जा रहा है। बार-बार आश्वासन देने के बावजूद सरकार इस मांग को लेकर पूरी तरह उदासीन है। पुरानी पेंशन नीति बहाल न होने से शिक्षकों व कर्मचारियों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। शिक्षक नेताओं ने पुरानी पेंशन नीति तत्काल बहाल करने की मांग की।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि शिक्षामित्र, शिक्षाकर्मी व नियोजित शिक्षक आदि नामों के तहत कार्यरत सभी संविदा शिक्षकों को नियमित किया जाए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। पूरे देश में सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएं। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर को सौंपा। इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष आरिफ खान, अनुदेशक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित कश्यप सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।