बलरामपुर। निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिलने पर बीएसए ने शुक्रवार को प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। बिना सूचना के गायब मिले सहायक अध्यापक की वार्षिक वेतन वृद्धि भी रोक दी गई है। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि बीते दिनों उन्होंने हरैया सतघरवा शिक्षा क्षेत्र के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान प्राथमिक विद्यालय बहादुरगंज बंद पाया गया। प्रधानाध्यापक शौलत आरा से संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। प्राथमिक विद्यालय भवनियापुर के सहायक अध्यापक गिरजेश कुमार तिवारी बिना सूचना के गायब मिले। दायित्वों के प्रति लापरवाही पर गिरजेश तिवारी की वार्षिक वेतन वृद्धि स्थायी रूप से रोक दी गई है।