बलरामपुर। शहर के पूरब टोला स्थित कैंप कार्यालय में शुक्रवार को विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें नई पेंशन स्कीम (एनपीएस) को लेकर उच्च न्यायालय के आदेश पर शिक्षकों ने खुशी जताई।
संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बाजार आधारित एनपीएस के तहत अपने वेतन से कटौती नहीं कराने वाले कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश वित्त नियंत्रक ने विगत माह दिया था। इसे लेकर एसोसिएशन ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने एनपीएस नहीं लेने की स्थिति में वेतन नहीं रोकने का आदेश दिया है।
इस आदेश से शिक्षकों व कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त है। महामंत्री तुलाराम गिरि ने कहा कि संगठन नई पेंशन स्कीम स्वीकार नहीं करेगा। पुरानी पेंशन हमारा हक है, हम इसे लेकर रहेंगे।