बलरामपुर में बीएसए कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के
बलरामपुर। बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर शिक्षकाें का वेतन रोके जाने पर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों में आक्रोश व्याप्त है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को बीएसए को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रों की कम उपस्थिति के लिए शिक्षकों को दोषी न ठहराकर वेतन बहाल किए जाने की मांग की गई।
प्रदेश कोषाध्यक्ष दिलीप चौहान व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार शुक्ला के नेतृत्व में विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्यों ने बेसिक शिक्षा कार्यालय पहुंचकर बीएसए को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया है कि छात्रों की कम उपस्थिति के लिए दोषी मानते हुए 347 विद्यालयों के सभी शिक्षक व कर्मचारियों का वेतन रोक दिया गया है। यह न्याय संगत नहीं है। विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए शिक्षक व कर्मचारी द्वारा हर संभव प्रयास किया जाता है। अभिभावकों से मिलकर बच्चों को भेजने की अपील भी की जाती है, इसके बावजूद अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने के बजाए अन्य कार्यों के लिए भेज देते हैं। अभिभावकों की लापरवाही के लिए शिक्षकों को दोषी न माना जाए और वेतन जल्द से जल्द बहाल किया जाए।
ज्ञापन में रसोइयों का बकाया मानदेय व कन्वर्जन काॅस्ट का भुगतान किए जाने, शिक्षकों के अवकाश प्रार्थना पत्र को लंबित न रखकर समय से निस्तारण किए जाने व एरियर का भुगतान समय से किए जाने की मांग भी की गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महामंत्री तुलाराम गिरि, विनोद कुमार चौहान, शिवाकांत त्रिपाठी, अमरजीत, सुभाष चंद्र मिश्रा, राजेश यादव व धर्मेंद्र गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।