बलरामपुर। जिले के 1,236 व्यावसायिक वाहनों के मालिक परिवहन विभाग को 1.94 करोड़ रुपये का टैक्स नहीं चुका रहे हैं। विभाग वाहन स्वामियों को कर बकाया का नोटिस भेजने की तैयारी में है। साथ ही विभाग के कर्मचारी फोन कर टैक्स जमा करने को कह रहे हैं। समय से टैक्स न चुकाने पर आरसी जारी होगी।
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में 5,650 व्यावसायिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें करीब 1,226 वाहनों के मालिकों ने रोड टैक्स जमा नहीं किया है। व्यावसायिक वाहन स्वामियों को हर तीसरे और चौथे महीनों में वाहन का क्वॉर्टर टैक्स जमा करना होता है। इसमें बस, ट्रक, टेंपो, जीप, निजी कार्य में लगे ट्रैक्टर ट्रॉली, क्रेन, माल वाहक और सवारी ढोने वाले वाहन शामिल हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद कुमार यादव ने बताया टैक्स न चुकाने पर वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। अभी एक अवसर दिया गया है।
डग्गामार वाहन के विरुद्ध अभियान, 20 वाहन सीज
एआरटीओ ने बताया कि शनिवार को जिले के अलग-अलग तहसीलों में ओवरलोड डग्गामार और अवैध वाहनों की चेकिंग अभियान चला। इस दौरान उतरौली तहसील में मानक के विपरीत भार लदे दो वाहन मिले। इसके अलावा परमिट फेल दो वाहन भी सीज किए गए। इसके अलावा 16 वाहन अभिलेख पूरे न होने के कारण सीज किए गए हैं।