संवाद न्यूज एजेंसी बलरामपुर। पीएसी भर्ती परीक्षा देकर लौटे कुछ अभ्यर्थियों में खुशी तो कुछ में निराशा नजर आया। अभ्यर्थियों का कहना था कि तार्किक क्षमता और गणित के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब उलझाया। कुछ गणित व निर्णयन यानि डिसीजन मेकिंग वाले प्रश्नों में अभ्यर्थियों को एक-एक प्रश्न में चार से पांच मिनट से भी ज्यादा का समय लगा। नोटबंदी, असहयोग आंदोलन, चंद्रयान व जनगणना से जुड़े प्रश्नों के उत्तर आसान रहे तो हिंदी ने अभ्यर्थियों को खूब राहत दी।
एमएलके पीजी कॉलेज में प्रथम पाली में परीक्षा देकर वापस आई कल्पना व शारदा वर्मा ने बताया कि निर्णय वाले प्रश्नों में उलझाव था, जिसके कारण ज्यादा वक्त लगा। गणित के प्रश्नों में भी परेशानी हुई। गलत जवाब देने पर नंबर कटने का भी डर भी रहा। हालांकि प्रश्न पूरे किए हैं। मनीष व राज कुमार यादव ने बताया कि वह दूसरी बार पुलिस भर्ती परीक्षा दिया है। तार्किक क्षमता वाले प्रश्नों को समझने में वक्त लगा। जो प्रश्न समझ नहीं आया वह छोड़ ही दिया। ऐसे प्रश्नों से नंबर कटवाने का क्या फायदा।