बलरामपुर। बीते 16 अक्तूबर को जिले में आई तेज आंधी व बारिश से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा निर्धारित करने के लिए सर्वे कार्य शुरू हो गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार ने तीनों तहसीलों के एसडीएम से हलका लेखपाल के स्तर पर सर्वे करवाकर तीन दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
जिले में तेज आंधी के साथ हुई बारिश के कारण धान व गन्ने की फसलों को काफी नुकसान हुआ था। इसके नुकसान का ब्यौरा जुटाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से सर्वे कराने का निर्णय लिया गया है। फसल क्षति का सर्वे होने पर किसानों को मुआवजे का लाभ मिलेगा। एडीएम ने बताया कि बलरामपुर, उतरौला व तुलसीपुर तहसील के एसडीएम को क्षेत्र के लेखपालों से सर्वे कराने के लिए कहा गया है। तीन दिन के अंदर सर्वे रिपोर्ट भी मांगी गई है। किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा दिलाया जाएगा।