बलरामपुर। मिशन अंत्योदय के तहत गांवों में हुए विकास कार्यों का सर्वे शुरू हो गया है। रोजगार सेवक, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व समूह की महिलाओं की टीम 216 बिंदुओं पर सुविधाओं का आकलन करने में जुट गईं।
जिले के सभी 800 पंचायतों में सुशासन, कृषि, पशुपालन, मछली पालन, ग्रामीण आवास, शिक्षा, खेल, जल व पर्यावरण, लघु उद्योग, खादी, ग्राम व कुटीर उद्योग, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, कमजोर वर्गों का कल्याण, स्वास्थ्य, पोषण व परिवार कल्याण सहित अन्य कार्य कराए गए हैं। मिशन अंत्योदय के तहत अब इनका सर्वे किया जा रहा है।
गांव स्तर पर बनाई गई टीम पंचायत भवन का निर्माण, जन सूचना बोर्ड की उपलब्धता, व्यक्तिगत व सामुदायिक शौचालयों का संचालन, सड़क, पानी, बिजली की व्यवस्था, सरकारी बीज केंद्रों पर खाद-बीज की उपलब्धता सहित 216 बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मिशन अंत्योदय की नोडल अफसर व एनआरएलएम की उपायुक्त मंजू त्रिवेदी ने बताया कि मिशन अंत्योदय का मकसद पिछले साल के मुकाबले आधारभूत ढांचा, लोगों के रहन-सहन में सुधार का आकलन करना है। 12 अप्रैल से पहले सर्वे का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी।