बलरामपुर। शहर के संयुक्त जिला अस्पताल व जिला मेमोरियल अस्पताल में दिवाली के मौके पर 24 घंटे सर्जन और नेत्र रोग विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। डॉक्टरों की ड्यूटी लगाते हुए नया वार्ड भी तैयार करा दिया गया है। इस व्यवस्था से पटाखों से जले और आंख में दिक्कत वालों को तत्काल उपचार मिल सकेगा। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को सतर्क किया गया है।
दिवाली पर शाम चार बजे से शुरू होकर आतिशबाजी देर रात तक तक चलती है। इस दौरान पटाखे की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं में कई लोग झुलस जाते हैं या आंखों में दिक्कतें आ जाती हैं। बीते वर्षों में हुईं ऐसी समस्याओं को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने दोनों अस्पतालों में विशेष इंतजाम किए हैं। दस-दस बेड का अतिरिक्त वार्ड भी तैयार किया गया है। इसमें जनरल सर्जन और नेत्र विशेषज्ञ की ड्यूटी लगा दी गई है। ताकि मरीजों को तुरंत चिकित्सकीय सुविधा मिल सके।
36 चिकित्सकों की लगी विशेष ड्यूटी
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। सीएमओ डाॅ. मुकेश रस्तोगी ने 36 चिकित्सकों की विशेष ड्यूटी लगाई है। वहीं शिफ्टवार भी ड्यूटी तय की गई है, जिससे इलाज में किसी तरह की असुविधा न होने पाए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि रात दस बजे के बाद पटाखे न जलाएं।