बलरामपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में उदयराज पुरवा के पास नेशनल हाईवे पर शनिवार रात उतरौला से घर जा रहे बहराइच निवासी गन्ना पर्यवेक्षक सुनीत चौधरी (36) की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की है। पुलिस से सूचना पाकर मृतक के पिता राम चौधरी व अन्य परिजन बलरामपुर पहुंचे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बहराइच ले आए। गन्ना पर्यवेक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह व मंत्री अमित सिंह बैस ने बताया कि सुनीत की मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संघ के सदस्यों ने कैंप कार्यालय में शोकसभा कर सुनीत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।