बलरामपुर। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों खाते में सब्सिडी की धनराशि भेजी गई। लाभार्थी महिलाओं को प्रतीक स्वरूप चेक भी वितरित किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लखनऊ में आयोजित सीएम योगी के नि:शुल्क सिलेंडर वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी लाभार्थियों को दिखाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर कैलाशनाथ शुक्ल, जिलाधिकारी अरविंद सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार ने किया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयास से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि जिले में उज्जवला के कुल 21,7621 लाभार्थी हैं। इसके प्रथम चरण में आधार प्रमाणित 1,91,000 लाभार्थियों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर वितरण किया जाना है। अब तक उज्ज्वला योजना के 2500 लाभार्थियों के खाते में सब्सिडी की धनराशि भेजी जा चुकी है। लाभार्थियों से अपील की है कि वह अपने गैस एजेंसियों से संपर्क करके ई-केवाईसी कराकर निश्शुल्क सिलेंडर का लाभ उठा सकते हैं।