गैसड़ी (बलरामपुर)। बलरामपुर में ही मां पाटेश्वरी राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग तेज होती जा रही है। गैसड़ी के मारकंडेय सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज बकौली राजपुर में बुधवार को छात्रों व शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को मांग को लेकर पोस्टकार्ड भेजा है।
डॉ. राम मनोहर लोहिया जन कल्याण सेवा संस्थान के प्रबंधक रामपाल यादव के नेतृत्व में एकत्र हुए छात्रों ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का निर्माण हर हाल में बलरामपुर में होना चाहिए। मां पाटेश्वरी के नाम से सुप्रसिद्ध मंदिर तुलसीपुर देवीपाटन यहां पर है। यहां पर विश्वविद्यालय का निर्माण होने से मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर विश्वविद्यालय का नाम दूर-दराज तक चर्चित होगा।
छात्रों ने कहा कि यह तराई का इलाका है। यहां पर शिक्षा के सीमित साधन हैं। ऐसे में युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए यहां पर विश्वविद्यालय की स्थापना किया जाना उपयुक्त है। बाद में छात्रों ने इससे संबंधित मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड लिखा।