बलरामपुर। जिले की तुलसीपुर तहसील के श्रीराम स्मारक पब्लिक स्कूल सोनपुर का एक छात्र ऋषिकेश में गंगा नदी में नहाते समय डूब गया है। डूबे छात्र की तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी है। हादसे की जानकारी के बाद छात्र के परिवार के लोग भी ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए हैं। स्कूल की ओर से 60 छात्रों का दल शैक्षिक भ्रमण के लिए 18 अक्तूबर को ऋषिकेश गया था। इस दल की वापसी 25 अक्तूबर को होना है।
भ्रमण के दौरान ऋषिकेश में घूमने गए छात्रों के दल में शामिल दसवीं कक्षा का छात्र सकीब (15 वर्ष) सोमवार सुबह गंगा नदी में नहा रहा था। नहाते समय अचानक उसका पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में जाने से डूब गया। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम छात्र की तलाश में जुटी है। ऋषिकेश से एसडीआरएफ के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि ऋषिकेश के फूल चट्टी आश्रम थाना लक्ष्मण झूला के समीप गंगा में नहाते हुए सकीब (15 वर्ष) पुत्र इसरार अहमद निवासी ग्राम हलौरा, तुलसीपुर के डूबने की सूचना मिली थी। उसे नदी में तलाशा जा रहा है।
डूबे छात्र का देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका। वहीं बेटे की नदी में डूब जाने की सूचना के बाद हलौरा गांव निवासी इसरार अहमद परिवार के साथ ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी उन्हें कोई ज्यादा जानकारी नहीं है। स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोग भी फिलहाल इस संबंध में कुछ भी बताने से कतरा रहे हैंं।