बलरामपुर। प्रथम रैंडमाइजेशन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सोमवार से एमपीपी इंटर कॉलेज में मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण शुरू हो गया। प्रोजेक्टर से लैस 22 कमरों में 1962 कार्मिकों को दोनों पालियों में मतदान कराने के संबंध में पढ़ाया गया। 16 अधिकारियों व 55 मास्टर ट्रेनरों की टीम ने ईवीएम व वीवीपैट चलाने का तरीका सिखाया। प्रशिक्षण से नदारद 38 मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
सीडीओ/प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक रिया केजरीवाल ने बताया कि एमपीपी इंटर कॉलेज के 22 कमरों में पहले दिन दोनों पालियों में दो हजार पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया। प्रथम पाली में एक हजार की तुलना में 980 और दूसरी पाली में एक हजार की तुलना में 982 पीठासीन व प्रथम मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण से नदारद रहने वाले प्रथम पाली में 20 व दूसरी पाली में 18 कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। डीएम ने सभी पीठासीन अधिकारियों को बेहतर ढंग से प्रशिक्षण प्राप्त करने का निर्देश दिया जिससे मतदान के दौरान कोई दिक्कत न हो।
पीडी अनिल कुमार सिंह, डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह, एक्सईएन जलनिगम मनोज कुमार सिंह, बीएसए डॉ. रामचंद्र, सीडीपीओ सत्येंद्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रमन चौधरी, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार, इंजीनियर अनिरुद्ध यादव, अपर डीएसटीओ रंजीत कुमार व डीसी प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी आदि ने पीठासीन व प्रथम मतदान कार्मिकों को प्रोजेक्टर के माध्यम से ईवीएम व वीवीपैट मशीनों को चलाने के तरीके बताए।
प्रशिक्षु आईएएस अजय जैन, नेहा बंधु व पीसीएस शिवम सिंह ने दोनों पालियों में सभी कमरों का भ्रमण कर पीठासीन व प्रथम मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण का जायजा लिया और मास्टर ट्रेनरों को आवश्यक सुझाव दिए।