बलरामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमरहवा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तैनात चिकित्सक सहित सभी कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही सभी से लिखित स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
निरीक्षण के लिए पहुंचे सीएमओ ने ग्राम खगईजोत में विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का निरीक्षण भी किया। इस दौरान ग्रामीणों को संचारी रोग के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि संचारी रोग से बचने के लिए आसपास साफ-सफाई रखें। इस मौके पर डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, अधीक्षक डॉ. जावेद अख्तर, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, आशा रेखा वर्मा व संगिनी संजू देवी आदि मौजूद रहे।