बलरामपुर। उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी डॉ. हिना कौसर के नामांकन को चुनौती दी गई है। इस मामले में सुनवाई पूरी हो गई है। बुधवार को इस मामले में फैसला आएगा। अब सभी की निगाहें इस ओर टिकी हुई हैं।
उतरौला के रफीनगर मोहल्ला निवासी वकार अहमद ने एसडीएम संतोष कुमार ओझा के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। कहा कि सपा प्रत्याशी डॉ. हिना कौसर संविदा पर स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सक हैं। इसके बाद भी उन्होंने सेवा में रहते हुए नामांकन किया है। इस मामले में मंगलवार को न्यायालय पर सुनवाई हुई। नामांकन को लेकर अब इस पर बुधवार को फैसला आएगा। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान यहां पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर से अध्यक्ष पद के लिए 17 उम्मीदवारों का नामांकन पत्र सही पाया गया। सभी वार्डों में सभासद के लिए 138 नामांकन पत्र सही पाए गए। नगर पंचायत तुलसीपुर से अध्यक्ष पद के लिए 18 नामांकन पत्र सही पाए गए। सभी वार्डों में सभासद के लिए कुल 83 नामांकन पत्र सही मिले। नगर पंचायत पचपेड़वा में अध्यक्ष पद के लिए 15 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र जांच में सही मिले।
नगर पंचायत गैसड़ी में अध्यक्ष पद के लिए 16 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही मिले। सभी वार्डों में सभासद के लिए कुल 74 नामांकन पत्र वैध मिले। नगर पालिका परिषद उतरौला में वार्ड सभासद पद के लिए 104 नामांकन वैध पाए गए।