बलरामपुर। जिले में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को हुई जांच में जेल जा रहे तीन बंदी सहित छह लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। बंदियों को अलग बैरक में व अन्य संक्रमितों को होम क्वारंटाइन करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है।
बृहस्पतिवार को जेल जा रहे तीन बंदियों को मेडिकल कराने के लिए पुलिस जिला चिकित्सालय पहुंची। जांच के दौरान तीनों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी तरह उतरौला के सुभाष नगर मोहल्ले में रहने वाले दो व नगर के बलुहा मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि संक्रमित मिले लोगों के घरों पर शुक्रवार को टीम भेजी जाएगी। मरीज के संपर्क में आने वाले व आसपास के लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में मास्क को जरूरी करते हुए अस्पताल में एक्सरे व अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों के लिए कोविड टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया है। कोविड गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी गई है।