बलरामपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को रात के समय बिजली चले जाने पर अब कोई परेशानी नहीं उठाना पड़ेगी। जल्द ही जिले के छह केजीबीवी सौर ऊर्जा की रोशनी से जगमग होंगे। इसके लिए इन विद्यालयों में 60 लाख की लागत से सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
अभी तक जिले में संचालित 11 में से सिर्फ पांच केजीबीवी में ही सोलर पैनल लगा है। अब विभाग ने छह नए केजीबीवी में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा है।यह धनराशि भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) अपने सीएसआर फंड से उपलब्ध कराएगा। सोलर पैनल लग जाने से विद्यालय की सुरक्षा रात में भी चाक चौबंद हो सकेगी। यह सोलर पैनल बरगदहवा, जंगल गांव, शिवपुरा, तुलसीपुर, गैसड़ी व गैड़ास बुजुर्ग स्थित केजीबीवी में लगेंगे। प्रत्येक केजीबीवी में लगने वाले सोलर पैनल में करीब 10 लाख रुपए खर्च आएगा।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि छह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है। शैक्षिक सत्र 2024-25 में सोलर पैनल लग जाने की संभावना है। सोलर पैनल लग जाने से छात्राओं को रात के समय भी बिजली जाने पर अंधेरे का सामना नहीं करना पड़ेगा।