बलरामपुर। वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में बृहस्पतिवार को हवन-पूजन के साथ श्रीराम जानकी प्राण प्रतिष्ठा दिवस समारोह का शुभारंभ हुआ। आठ दिवसीय श्रीमद्भ भागवत कथा के पहले दिन कथा व्यास ने भगवत कथा के महात्म्य का वर्णन किया गया। कथा व्यास रोहित शास्त्री जी महाराज ने कहा कि भागवत कथा हमारी इच्छाओं की पूर्ति करने वाले कल्पवृक्ष के समान है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनूप मिश्र डब्बू ने भगवान श्रीराम, माता सीता एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर श्रीराम जानकी प्राण प्रतिष्ठा दिवस समारोह की शुरूआत कराई। शाम को सदर विधायक पल्टूराम, भाजपा अवध क्षेत्र के सह संयोजक विनय कुमार मिश्र एवं जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह आदि ने व्यास गद्दी की पूजा-अर्चना कर कथा का शुभारंभ कराया।
वृंदावनधाम से पधारे कथा व्यास शास्त्री जी महाराज ने भगवत कथा का महात्म्य सुनाते हुए कहा कि यह कथा सुनने से भक्तों के कई जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं। इससे मन में आध्यात्मिक ज्ञान का विकास होता है। कलयुग में श्रीमद्भभागवत कथा सुनने से ही मोक्ष की प्राप्ति होती है। कथा का मुख्य उद्देश्य भक्ति मार्ग या योग है। इस अवसर पर श्रीरामा कृष्णा इंटरनेशनल के सचिव आलोक मिश्र, शासकीय अधिवक्ता पवन शुक्ल, विनोद गिरि एवं मंगल प्रसाद सहित तमाम लोग मौजूद रहे।