लखनऊ में आयोजित रेलवे बोर्ड की बैठक में बलरामपुर जिले की समस्याओं को बताते श्रावस्ती सासंद राम
बलरामपुर। झारखंडी रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराए जाने और झारखंडी, कौवापुर व गैसड़ी स्टेशन पर इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव का मुद्दा श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने रेलवे बोर्ड की बैठक में उठाया। इसके अलावा खलीलाबाद-बलरामपुर-बहराइच रेल मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराए जाने की मांग भी की है।
श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने बताया कि गत 23 जून को डीआरएम ऑफिस रेल भवन लखनऊ में बैठक बुलाई गई थी। बैठक में सांसद ने महाप्रबंधक पूर्वातर रेलवे को पत्र देकर मांग की है कि नकहा जंगल-गोमतीनगर इंटरसिटी ट्रेन संख्या 15082 का ठहराव पचपेड़वा व काैवापुर स्टेशन पर किया जाए। गोरखपुर-ऐशबाग इंटरसिटी ट्रेन का ठहराव झारखंडी, कौवापुर व गैसड़ी स्टेशन पर भी हो। हमसफर ट्रेन का ठहराव तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर किया जाए। पचपेड़वा, गैसड़ी व कौवापुर रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क की मरम्मत कराई जाए। झारखंडी रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए। कोरोना काल में बंद हुई पैसेंजर ट्रेन का दोबारा संचालन शुरू किया जाए। वैष्णो देवी मंदिर जाने के लिए गोरखपुर से बलरामपुर, गोंडा व लखनऊ होते हुए कटरा तक नई ट्रेन का संचालन किए जाने और झारखंडी, कौवापुर व पचपेड़वा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किए जाने की भी मांग की गई।