बलरामपुर। पंचायत उप चुनाव में अपनी किस्मत अजमाने के लिए पहले दिन बृहस्पतिवार को सात दावेदारों ने पर्चा खरीदा है। चार प्रधान सहित 55 सीटों पर उप चुनाव कराया जाना है। 22 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि है। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम पवन अग्रवाल ने पांच प्रधान, नौ बीडीसी व 42 ग्राम पंचायत सदस्य सीटों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से उप चुनाव कराने का निर्देश दिया है। ग्राम पंचायत घुघुलपुर में प्रधान पद के लिए चार, ग्राम पंचायत सिंगाही में दो और ग्राम पंचायत करमहना में एक दावेदार ने पर्चा खरीदा है। उतरौला में भी एक नामांकन पत्र खरीदा गया। बीडीसी व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए पहले दिन किसी ने पर्चा नहीं खरीदा है। 23 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 24 जुलाई को नाम वापसी के बाद प्रतीक आवंटन किए जाएंगे। छह अगस्त को सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। आठ अगस्त को ब्लॉकों पर मतगणना कराई जाएगी।