बलरामपुर। महानगरों की तरह अब जिले में भी एक फोन पर ही प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन व राजगीर सहित अन्य कारीगर परेशानी दूर करने के लिए घर पहुचेंगे। इससे घरेलू समस्याओं का निस्तारण घर बैठे ही एक कॉल पर हो सकेगा। कॉल कर परेशानी बताते ही उसे दूर करने के लिए संबंधित सेवा मित्र समस्या दूर करने के लिए घर पहुंच जाएगा। जिला सेवा योजन विभाग ने शहर में इस सुविधा के संचालन की कवायद शुरू की है।
आम तौर पर घर में अचानक नल खराब हो जाने, बिजली उपकरण खराब हो जाने अथवा किसी अन्य परेशानी से निपटने को कुशल कारीगर की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे कुशल कारीगर को खोजने के लिए काफी समस्या भी होती है। जिला प्रशासन ने अब सेवा योजन विभाग के साथ मिलकर इस परेशानी को दूर कराने की पहल शुरू की है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर सेवा योजन विभाग ने इसके लिए 20 ट्रेडों में कुशल कारीगरों का पंजीकरण शुरू किया है। पंजीकृत कुशल कारीगरों को सेवा मित्र नाम दिया जायेगा।
यह व्यवस्था शुरू होने पर जिले के लोग घर बैठे ही एक कॉल पर प्लंबर, टैक्सी चालक, पेंटर, कारपेंटर, सफाई कर्मी, रिपेयरिंग व इलेक्ट्रीशियन आदि की सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। नई व्यवस्था के अमल में आने से न सिर्फ घर बैठे लोगों की समस्याएं दूर होगी वरन कुशल कामगारों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय स्तर रोजगार भी मिलेगा। सेवामित्र बनने के लिए कुशल कारीगर व्यक्तिगत तौर पर अपना पंजीकरण सेवा नियोजन विभाग में करा सकते हैं।
जिला रोजगार सहायता अधिकारी आशा वर्मा ने बताया कि सेवामित्र बनने के लिए संस्था व व्यक्तिगत लोग विभाग में ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक सेवा मित्र जागरूकता पखवाड़ा चलाया जा रहा है। टोलफ्री नंबर 155330 पर कॉल करके सेवा मित्रों की सेवा प्राप्त की सुविधा मुहैया होगी। 15 अक्टूबर के बाद भी कुशल कारीगर पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए सेवामित्र पोर्टल को भी तैयार कराया जा रहा है।