बलरामपुर। ओवरलोड वाहनों पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की बाराबंकी में की गई कार्रवाई के बाद अब प्रशासन हरकत में आ गया है। 48 घंटे के भीतर 18 वाहनों पर कार्रवाई की गई है।
जिला खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन ने बताया कि बुधवार को सादुल्लाहनगर और रेहरा बाजार में एक-एक ट्रक पकड़ा गया। जांच करने पर दोनों में अधिक बालू लदा मिला। बालू फैजाबाद से लाया गया था। दोनों को संबंधित थानों में सीज कर दिया गया। एक ट्रक का ई-चालान किया गया है।
इससे पहले मंगलवार को कोतवाली नगर, हरैया सतघरवा, कोतवाली देहात व जरवा में 15 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इन वाहनों में क्षमता से अधिक बालू लदा मिला है। पांच ट्रकों पर खनन प्रपत्र भी नहीं मिला है। साथ ही उतरौला में राॅयल्टी न जमा करने वाले पांच ईंट भट्ठों पर अभियान चलाकर कच्ची ईंटों को नष्ट करा दिया गया है। साथ ही नोटिस जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त कोड़री घाट के पास निर्धारित क्षेत्र से अलग खनन करने के मामले में दो को जारी खनन संबंधी आदेश को निलंबित कर दिया गया है। जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है।