बलरामपुर। विद्यालयों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति तो दूर शिक्षक ही मौजूद नहीं रहते हैं। इसका खुलासा 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक अधिकारियों की तरफ से किए गए विद्यालयों के निरीक्षण में सामने आया है। बीएसए ने अनुपस्थित पाए गए 155 शिक्षकों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके अलावा प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइल अनुश्रवण के दौरान अनुपस्थित पाए गए तीन शिक्षकों का वेतन भी रोकने का निर्देश दिया है।
बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि 21 नवंबर से 20 दिसंबर तक जिलेभर में डायट प्राचार्य, खंड शिक्षा अधिकारियों व अन्य के निरीक्षण में 155 स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित मिले सभी शिक्षकों का वेतन व मानदेय अग्रिम आदेश तो रोक दिया गया है। इन शिक्षकों से अनुपस्थित रहने का स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
तीन दिन के भीतर शिक्षकों संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय सेखुईया व पंडितपुरवा तथा कंपोजिट विद्यालय नयानगर में प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन अनुश्रवण के दौरान तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इन शिक्षकों से भी तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।