बलरामपुर। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों को पूल शिक्षक के रूप में चयनित किया जाएगा। पूल शिक्षक के रूप में कार्य करने के लिए 70 वर्ष से कम आयु के सेवानिवृत्त शिक्षक पांच अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक गोविंद राम ने बताया कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त सहायक अध्यापक अथवा प्रवक्ता पद पर सेवानिवृत्त अध्यापकों को वर्तमान शैक्षिक सत्र के लिए शिक्षण कार्य हेतु पूल शिक्षक के रूप में चयनित किया जाएगा।
पूल शिक्षक के रूप में कार्य करने के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक की आयु एक जुलाई 2022 को 70 वर्ष से कम होनी चाहिए। पूल शिक्षक के लिए आवेदन पत्र के साथ सभी शैक्षिक योग्यता के प्रमाण पत्रों की छायाप्रति व सीएमओ द्वारा निर्गत स्वास्थ्य प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। साथ ही सेवानिवृत्ति का प्रमाण एवं पढ़ाए जाने वाले विषय का नाम भी अंकित करना होगा।
आवेदन पत्र पांच अक्तूबर तक पंजीकृत डाक द्वारा डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा। पूल शिक्षक के रूप में सहायक अध्यापक के लिए 15,000 रुपये तथा प्रवक्ता पद के लिए 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय भुगतान किया जाएगा।