बलरामपुर। बौद्ध धर्म के संस्थापक महात्मा बुद्ध की जयंती शुक्रवार को जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा बुद्ध के उपदेशों पर प्रकाश डाला गया। त्रिशरण पंचशील का पाठ करते हुए भक्तों ने भगवान बुद्ध के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
बाबा साहब डॉॅ. भीमराव आंबेडकर जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में नगर के बुद्धा पार्क में महात्मा बुद्ध की जयंती मनाई गई। अनुयायियों ने सर्वप्रथम महात्मा बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करते हुए दीपदान किया। समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह गौतम ने सभी लोगों को त्रिशरण पंचशील का पाठ कराया। कहा कि महात्मा बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण बैसाख की पूर्णिमा तिथि को ही हुआ था। इसीलिए इस तिथि को त्रिविध पवनी के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में मौजूद सभी अनुयायियों ने महात्मा बुद्ध के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
उधर, नगर के पायनियर पब्लिक स्कूल में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. एमपी तिवारी ने महात्मा बुद्ध के उपदेशों पर प्रकाश डालते हुए प्रतियोगिता के प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य शिखा पांडेय, संतोष कुमार श्रीवास्तव, राघवेंद्र त्रिपाठी, उर्वशी शुक्ला, रीना श्रीवास्तव व खुशबू तिवारी आदि मौजूद रहीं। गैसड़ी बाजार में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर महामाया बौद्ध विहार जनकल्याण सेवा संस्थान की तरफ से भंडारे का आयोजन किया गया।