बलरामपुर। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्डों के आरक्षण की रूपरेखा प्रशासन ने तैयार कर ली है। आरक्षण सूची शासन को भेजी गई है। जिसके अनुमोदन का इंतजार किया जा रहा है।
जिले में नगर पालिका परिषद बलरामपुर में 25 वार्ड, उतरौला में 25, तुलसीपुर व गैसड़ी में 15-15 व पचपेड़वा में 16 वार्डों में चुनाव होना है। इसके लिए प्रशासन ने रैपिड सर्वे के आधार पर आरक्षण की रूपरेखा तैयार की है। इसमें कई सीटों का आरक्षण बदलने की संभावना जताई जा रही है।
222 मतदेय स्थलों पर होने वाले चुनाव के लिए आरक्षण सूची तैयार करके शासन को अनुमोदन के लिए भेजी गई है। एडीएम न्यायिक ज्योति गौतम ने बताया कि अनुमोदन के बाद ही आरक्षण सूची जारी की जाएगी।
मतदाता सूची को लेकर आ रहीं शिकायतों के निस्तारण की कवायद चल रही है। वैसे ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले के पांचों नगर निकायों में 21 हजार 243 नये मतदाताओं को शामिल किया गया है। साथ ही 7,289 मतदाताओं का नाम हटाने की संस्तुति की गई है।
अर्हता तिथि एक जनवरी 2023 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के आलेख्य का प्रकाशन नौ नवंबर को किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि नौ नवंबर से आठ दिसंबर तय की गई है। एमएलके पीजी कॉलेज में मतदाता पंजीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। ये जानकारी डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने दी।