उतरौला (बलरामपुर)। मधपुर शरीफ में हजरत ख्वाजा गुलाम आसी पिया का 21वां सालाना उर्स बड़े ही अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। उर्स के दूसरे दिन सोमवार को बाबा के आस्ताने पर कई कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें जायरीनों की भारी भीड़ जुटी। अकीदतमंदों ने फातिहा पढ़कर मुल्क में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। उर्स के दूसरे दिन सोमवार को फज्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी की गई। जोहर की नमाज के बाद बाबा के आस्ताने पर चादरपोशी की गई। मगरिब नमाज के बाद खल्क-ए-जिक्र कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें तमाम जायरीनों ने भाग लिया। ईशा नमाज की बाद मिलादुन्नबी कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रमों में शामिल होने आए अकीदतमंदों ने हजरत गुलाम आसी पिया के आस्ताने पर फातिहा पढ़कर परिवार की सलामती और देश में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
तीन दिवसीय उर्स पर आयोजित मेले में साजिदा हाॅस्पिटल के प्रबंधक डॉ. एहसान खां की तरफ से मुफ्त दवा वितरण केंद्र का आयोजन भी किया गया। इसके अलावा मेले में सर्कस, झूला, जंपिंग जपाट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। सज्जादा नसीन हजरत सूफी जियाउल लतीफ हाशमी ने बताया कि उर्स में आने वाले जायरीनों के लिए लंगर का आयोजन उर्स कमेटी की तरफ से किया जा रहा है।