बलरामपुर। एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रांगण में सोमवार की शाम अमर उजाला की तरफ से काव्य कैफे का आयोजन किया गया। इसमें देश के नामचीन कवियों ने अपनी हास्य, श्रृंगार व वीर रस से ओत प्रोत रचनाओं को सुनाकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरी।
काव्य कैफे का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने संयुक्त तौर पर किया। इस मौके पर भाजपा अवध क्षेत्र के सह संयोजक विनय कुमार मिश्र, उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महराज, पूर्व सांसद दद्न मिश्रा व भाजपा नेता मानवेंद्र सिंह पटेल, एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.जेपी पांडेय भी उपस्थित रहे।
काव्य पाठ का शुभारंभ इंदौर से आई कवियत्री डॉ. भुवन मोहिनी के काव्य पाठ से हुआ। उनकी रचना सिया के अपहरण को कांप जाते हाथ रावण के, अगर मंदोदरी की कोख से बेटी हुई होती, पर खूब तालियां बजी। कवि गजेंद्र प्रियांशु ने कल थे असफल मगर अब सफल हो गए, अपना दल बदल कर दलबदलू हो गए तो कवि शशिकांत यादव ने तोला से मन भर तोला है, पारा पानी मे घोला है। सब कीड़े बाहर निकले हैं, चुटकी भर तो सच बोला है, रचना सुनाई।
इसी तरह कवि सुदीप भोला ने वो निकला साइकिल लेके, एमपी की सड़क पे... इक मोड़ आया तो कवि विकास बौखल ने एकता का संदेश देते हुए किसी खंजर से ना तलवार से तोड़ा जाए, सारी दुनिया को चलो प्यार से जोड़ा जाए, का पाठ कर श्रोताओं को बांधे रखा।
आयोजन में इनका पूरा सहयोग
अमर उजाला द्वारा आयोजित काव्य कैफे के आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ ही गैसड़ी विधायक डॉ. एसपी यादव, वन निगम के पूर्व चेयरमैन सलिल सिंह टीटू, ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल, जीसस एंड मेरी स्कूल एंड कॉलेज, पायनियर पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, केंब्रिज स्कूल तुलसीपुर, एमएलके पीजी कॉलेज, मॉडर्न पब्लिक स्कूल बलरामपुर व स्टॉर वर्ड्स पब्लिक स्कूल तुलसीपुर का विशेष सहयोग रहा। इनके साथ ही विमला विक्रम महाविद्यालय पचपेड़वा, वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ के प्रदेश संरक्षक राज कुमार जायसवाल व जिलाध्यक्ष श्रवण कुमार शुक्ला, चीनी मिल बलरामपुर, तुलसीपुर शुगर कंपनी, बजाज चीनी मिल, अल रहमान हास्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. कय्यूम, वीटीएम हास्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. प्रांजल त्रिपाठी, अब्दुल करीम ट्रामा सेंटर उतरौला, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली, समाजसेवी संतोष कुमार सिंह, प्रवेश मिश्र, शफीक सुल्तान, जिला पंचायत सदस्य इमरान मुर्तुजा, जदरान मेडिकल एजेंसी एवं एआरटीओ अरविंद यादव ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सेदारी की।