महराजगंज तराई (बलरामपुर)। हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इससे पेयजल के भटकने की परेशानी से छुटकारा मिलने के साथ ही दूषित जल से होने वाली बीमारियों से भी छुटकारा मिलेगा। यह बात प्रदेश के जल शक्ति मंंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कही। वह तुलसीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवनगर में नवनिर्मित पानी की टंकी के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सेदारी कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इसी सोच को अमल में लाने के लाने के लिए जल जीवन मिशन हर घर जल योजना का संचालन किया जा रहा है। कहा कि लोकार्पित होने वाली पानी की टंकी से ग्राम पंचायत के चार मजरों में 1600 की आबादी को शुद्ध पेयजल मुहैया हो सकेगा। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने जलशक्ति मंत्री से शिकायत की कि पेयजल सप्लाई लाइन का पाइप बिछाने के लिए सड़क की खोदाई तो कर दी गई लेकिन बाद में मरम्मत नहीं कराई गई। इससे आवागमन में काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। जलशक्ति मंत्री ने मौके पर ही कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को समस्या निस्तारित किए जाने का निर्देश दिया।