बलरामपुर। स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का निर्देश अधीक्षक को दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में चिकित्सा अव्यवस्था को लेकर अमर उजाला ने 28 मई के अंक में एफआरयू में अल्ट्रासाउंड जांच की आस अधूरी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर में मरीजों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमओ ने सीएचसी का निरीक्षण करने पहुंचे। सीएमओ ने इमरजेंसी कक्ष, ओपीडी, वार्ड, लैब, लेबर रूम व एक्सरे जांच कक्ष का निरीक्षण किया। चिकित्सक व कर्मचारियों को आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय 12 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। तीन मेडिकोलीगल मामलों का भी पंजीकरण हो चुका था। सीएमओ ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में फीडबैक लिया। अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में जो भी कमियां है, उसके बारे में रिपोर्ट तैयार कर सूचना दें, ताकि शासन स्तर से प्रस्ताव भेजा जा सके।