बलरामपुर के एमएलके महाविद्यालय में हाथ में काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करते शिक्षक।
बलरामपुर। नई पेंशन नीति व बायोमीट्रिक उपस्थिति आदि के विरोध में एमएलके महाविद्यालय के शिक्षकों ने तीसरे दिन शुक्रवार को भी हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। फुफुक्टा के बैनर तले शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
सुआक्टा के अध्यक्ष व एमएलके महाविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विमल प्रकाश वर्मा ने बताया कि फुफुक्टा के आह्वान पर शिक्षक नई पेंशन स्कीम, बायोमीट्रिक उपस्थिति व सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के विरुद्ध तीन दिनों से आंदोलनरत हैं। इन मांगों के समर्थन में एमएलके महाविद्यालय के शिक्षक भी आंदोलन को समर्थन करते हुए काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे हैं। इस अवसर पर प्रो. प्रकाश चंद्र गिरी, प्रो. तबस्सुम फरखी, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. स्वदेश भट्ट, डॉ. रमेश शुक्ल, डॉ. आशीष लाल, डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. साक्षी शर्मा, डॉ. अनुज सिंह, डॉ. भानु त्रिपाठी व डॉ. सैंकी रूहेला आदि मौजूद रहे।