बलरामपुर। उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्लेज योजना के तहत नए इंडस्ट्रियल एरिया का प्रस्ताव तैयार किया जाए। इसके साथ ही ओडीओपी योजना में शामिल मसूर छाटी दाल का हब क्षेत्र बनाने के लिए भी जिले में नये प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। यह जानकारी यह जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने दी। वह सोमवार को इंडस्ट्रियल एरिया धर्मपुर का निरीक्षण कर रहे थे।
कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों व निवेशकों को हर संभव स्तर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। उनसे जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किए जाने का निर्देश भी निरीक्षण में मौजूद उपायुक्त उद्योग राजेश पांडेय को दिया। डीएम ने धर्मपुर में स्थापित जय इंडस्ट्री, कुमार मसाला उद्योग व मौर्य ट्रेडिंग आदि उद्योगों का निरीक्षण किया। जय इंडस्ट्री द्वारा तैयार किए जाने वाले तेल, मसूर छाटी के मैन्युफैक्चरिंग, प्रोडक्टिविटी, रा मैटेरियल व पैकेजिंग आदि के बारे में जानकारी लेते हुए उत्पाद की बेहतर ब्रांडिंग किए जाने का सुझाव भी दिया।
डीएम ने उद्यमियों से बातचीत करते हुए उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते औद्योगिक क्षेत्र में में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ सड़क व मार्ग प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया। कहा कि औद्योगिक क्षेत्र को साफ-सुथरा व विकसित करने के लिए सोसाइटी बनाकर कार्य कराए जाएं। इस अवसर पर अपर एसडीएम संतोष कुमार ओझा व उद्योग उपायुक्त सहित तमाम उद्यमी मौजूद रहे।